BREAKING NEWS: उमराह करने गए 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत
मक्का–मदीना हाईवे पर बस-टैंकर की टक्कर, आग में जलकर मरे तीर्थयात्री
“सऊदी अरब के मक्का-मदीना मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में उमराह यात्रा पर गए 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की जा रही है। बस और डीज़ल टैंकर की टक्कर के बाद लगी आग ने यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया।”
सऊदी अरब। सऊदी अरब से आई दर्दनाक खबर ने पूरे भारत को शोक में डुबो दिया है। उमराह करने गए 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत मक्का से मदीना जा रहे हाईवे पर उस समय हुई जब उनकी बस एक डीज़ल टैंकर से तेज़ टक्कर के बाद आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसा सोमवार देर शाम बताया जा रहा है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बस में सवार सभी यात्री भारत के हैदराबाद के रहने वाले थे। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग फैल गई, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका। कुछ गंभीर घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सऊदी सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू किया। भारतीय दूतावास ने भी स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताओं को पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे की वजह का पता लगाने के लिए सऊदी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका वाहन की तेज़ रफ़्तार, तकनीकी खराबी या हाईवे की स्थिति से जुड़ी हो सकती है।
इस दर्दनाक घटना ने हैदराबाद ही नहीं बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया है। उमराह यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों के परिवारों में मातम पसरा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए “आज का सफर “के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”



