योगी सरकार ने लॉन्च किया Nivesh Mitra 3.0, निवेशकों को बड़ी राहत
निवेश मित्र 3.0 यूपी लॉन्च: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में AI आधारित सिंगल विंडो पोर्टल लॉन्च किया। यूपी बना निवेश का हब।
लखनऊ। Lucknow में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने ‘निवेश मित्र 3.0’ पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर नकारात्मक धारणा थी, लेकिन अब प्रदेश देश के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाया गया है। यह नया एआई आधारित सिंगल विंडो पोर्टल 40 से अधिक विभागों की 200 से ज्यादा सेवाएं एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा, जिससे उद्योग लगाने में आसानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान 85 निवेशकों को लेटर ऑफ कम्फर्ट, एलिजिबिलिटी प्रमाण पत्र, सब्सिडी और भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” पर जनता का भरोसा ही प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है, और इसी विश्वास के दम पर यूपी तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश ने कृषि क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है। देश की 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि होने के बावजूद प्रदेश 21 प्रतिशत खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है, जिससे वह “फूड बास्केट” के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर चुका है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya सहित कई मंत्री, अधिकारी और निवेशक मौजूद रहे। सरकार का दावा है कि ‘निवेश मित्र 3.0’ प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।

