लखनऊ में LPG संकट पर सपा का प्रदर्शन, बापू भवन चौराहे पर उपले बांटकर जताया विरोध
“राजधानी लखनऊ में LPG गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधान भवन के सामने अनोखा प्रदर्शन किया। सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को उपले बांटे, जिस पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।”
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एलपीजी गैस की कथित किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को Vidhan Bhavan Lucknow के सामने Bapu Bhawan Chauraha पर जमीन पर उपलों का ढेर लगाकर प्रदर्शन किया और राहगीरों को उपले बांटने लगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “उपले ले लो, उपले ले लो” के नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताते रहे। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उपले बांटने से रोक दिया, जिस पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई।

प्रदर्शन कर रहे राम प्रकाश मौर्या ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कथित कमी से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को गरीबों की कोई चिंता नहीं है और “अच्छे दिनों का सिलेंडर अब किचन से खाली हो गया है।”
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने गांवों में लोगों से कहकर बड़ी मात्रा में उपले तैयार करवाए हैं और उन्हें शहर में बांट रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोग खाना बना सकें और कोई भूखा न सोए। उनका दावा है कि जरूरत पड़ने पर रोज गांव से उपले मंगाकर शहर में बांटे जाएंगे।
प्रवेश यादव ने कहा कि कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हैं और कई जगह सीमित स्टॉक की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि हॉस्टल और किराये पर रहने वाले छात्रों की स्थिति अधिक खराब है, क्योंकि उनके पास खाना बनाने का कोई वैकल्पिक साधन नहीं है।
इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने उपले बांट रहे तीन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और वहां रखे उपले भी जब्त कर लिए। वहीं प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने और जबरन उपले छीनने का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट : तरुण चतुर्वेदी



