सोनभद्र में बड़ा हादसा: मिट्टी का टीला ढहने से 3 महिलाओं की मौत, गांव में मातम
“सोनभद्र मिट्टी का टीला हादसा में म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव में मिट्टी निकालते समय टीला ढह गया। 3 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 2 को गंभीर हालत में बचाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रेस्क्यू की पुष्टि की।” पढ़ें पूरी खबर…
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम किरवानी में मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में बचा लिया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
होली की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम किरवानी के जंगल क्षेत्र में पांच महिलाएं होली के त्योहार पर घर की पुताई के लिए मिट्टी निकालने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा और सभी महिलाएं उसके नीचे दब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन चला
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीम और जिला प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने दो महिलाओं—फूल कुमारी और नजीमुन्न निशा—को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं सदिकुनिशा, अनिशा खातून और सीता की मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। घटनास्थल पर एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने पूरी तरह जांच कर ली है और अब मिट्टी के नीचे कोई और व्यक्ति नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी महिलाएं मिट्टी लेने जाती हैं तो उनकी पहचान कर सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी जगहों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
त्योहार की खुशियों से पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।