Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

उत्तर प्रदेश में सौर क्रांति: रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देश में अव्वल, हर दिन लाखों यूनिट मुफ्त बिजली

“PM सूर्य घर योजना के तहत मार्च 2026 में रिकॉर्ड 52,729 इंस्टॉलेशन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ता यूपी”

लखनऊ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में उत्तर प्रदेश ने बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojna के अंतर्गत मार्च 2026 में राज्य ने 52,729 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ यूपी ने गुजरात, महाराष्ट्र और केरल जैसे अग्रणी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।

राज्य जुलाई 2025 से लगातार शीर्ष-2 राज्यों में बना हुआ है, जो इसकी मजबूत कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है। खास बात यह है कि मार्च 2026 में हुआ यह इंस्टॉलेशन किसी भी राज्य द्वारा एक माह में किया गया अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

रिकॉर्ड स्थापना और बढ़ती क्षमता

राष्ट्रीय पोर्टल के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक 4,48,233 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। इसके साथ ही राज्य संचयी स्थापना में देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वर्तमान गति को देखते हुए जल्द ही यूपी दूसरे स्थान पर भी पहुंच सकता है।

31 मार्च 2026 को एक ही दिन में 3,188 संयंत्रों की स्थापना कर नया रिकॉर्ड बनाया गया। राज्य की कुल स्थापित क्षमता 1,524.61 मेगावाट तक पहुंच चुकी है।

 आर्थिक लाभ और सब्सिडी

इस योजना के तहत लगभग ₹4,000 करोड़ की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है, जिसमें ₹2,985 करोड़ केंद्र सरकार द्वारा दिए गए हैं। इससे लाखों परिवारों को सीधे आर्थिक लाभ मिला है।

रूफटॉप सोलर के जरिए प्रतिदिन 68–70 लाख यूनिट मुफ्त बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को रोजाना ₹4 से 4.5 करोड़ की बचत हो रही है।

 पर्यावरण और भूमि संरक्षण में योगदान

इस सोलर विस्तार से 6,000 एकड़ से अधिक भूमि की बचत हुई है। साथ ही, हर साल 22–23 लाख MTOE के बराबर कार्बन उत्सर्जन में कमी का अनुमान है, जो राज्य को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बना रहा है।

 रोजगार और उद्योग को बढ़ावा

इस योजना के तहत करीब 65,000 प्रत्यक्ष और 1 लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं। UPNEDA के साथ 5,000 से अधिक कंपनियां जुड़ी हुई हैं, जिससे सोलर इंडस्ट्री को मजबूती मिल रही है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला बल

योजना का प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिख रहा है। अब स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिल रहा है, जिससे पलायन में कमी आई है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के किसान अरुण कुमार का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे सोलर ऊर्जा से किसान अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि दर्शाती है कि राज्य न केवल सोलर इंस्टॉलेशन में अग्रणी बन रहा है, बल्कि देश के लिए एक सस्टेनेबल और ऊर्जा आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में भी उभर रहा है।

Related Articles

Back to top button