Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतराज्यलखनऊसमाचार

सात बार विधायक और पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड का निधन

“सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से सपा और समर्थकों में शोक की लहर है।”

सोनभद्र। दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका उपचार एसजीपीजीआई लखनऊ में चल रहा था। उनके निधन से सपा और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है।

विजय सिंह गोंड ने 2024 के उपचुनाव में भाजपा के श्रवण गोंड को 3160 मतों से हराकर दुद्धी सीट पर जीत हासिल की थी। इससे पहले 2022 में रामदुलार गोड़ को 6297 मतों के भारी अंतर से हराया। दुद्धी विधानसभा (403) आदिवासी बाहुल्य आरक्षित सीट है, जहां विजय सिंह गोंड ने लगातार सात बार विधायक का पद संभाला और सपा सरकार में मंत्री भी रहे।

उनका राजनीतिक करियर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और क्षेत्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। वनवासी सेवा आश्रम में मात्र 200 रुपये मासिक मानदेय पर कार्यरत रहते हुए उन्होंने 1979 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। 1989 में अपने राजनीतिक गुरु रामप्यारे पनिका को हराकर आदिवासी राजनीति में नया अध्याय लिखा।

विजय सिंह गोंड ने दुद्धी और ओबरा विधानसभा को अनुसूचित जनजाति सीट घोषित कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। वे आदिवासी राजनीति के ‘पितामह’ माने जाते थे और सदन में आदिवासी समाज के अधिकारों को मजबूती से उठाया।

उनके निधन से सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी समुदाय में शोक की लहर है। नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उनके योगदान को अपूरणीय क्षति मान रहे हैं।

Related Articles

Back to top button