Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशलखनऊसमाचार

लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस: 25 हजार की इनामी दिव्या शुक्ला गिरफ्तार, दुबग्गा से पुलिस ने दबोचा

Lucknow Triple Murder Case: सआदतगंज के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में तीन लोगों की हत्या के मामले में 25 हजार की इनामी दिव्या शुक्ला गिरफ्तार। दुबग्गा से पुलिस ने पकड़ा।

लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी आरोपी दिव्या शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। सर्विलांस पश्चिमी जोन और सआदतगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार, 1 नवंबर की सुबह दुबग्गा इलाके से उसे पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला समेत सात आरोपित पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

दुबग्गा में ठिकाना बदलने की फिराक में थी आरोपी

पुलिस के अनुसार, सआदतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सोनकर और सर्विलांस पश्चिमी जोन की टीम लगातार फरार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 1 नवंबर की सुबह करीब 8:05 बजे मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आईआईएम रोड स्थित कूड़ा चौराहा, दुबग्गा इलाके में कार्रवाई की।

यहां से दिव्या शुक्ला (32) पत्नी जितेंद्र तिवारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि वह छिपने के लिए अपना ठिकाना बदलने की कोशिश में थी। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जमीन और पार्किंग विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को सआदतगंज के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में बरगद के पेड़ के पास चबूतरा निर्माण और खाली जमीन पर वाहनों की पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने वादिनी के पति शिवेंद्र तिवारी उर्फ शम्भू, उनके जेठ शिवाजी तिवारी और भतीजे सुयश तिवारी को घेर लिया।

इसके बाद लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। आरोपितों पर गोली चलाकर तीनों की हत्या करने का भी आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। मामले में सआदतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190 और 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

ऋषभ शुक्ला समेत सात आरोपित पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त पश्चिम के निर्देशन में गठित टीमों ने घटना के बाद लगातार कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला समेत सात आरोपितों को 26, 27 और 31 अक्टूबर को अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

दिव्या शुक्ला इस मामले में फरार चल रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी

लखनऊ के इस तिहरे हत्याकांड में जमीन और पार्किंग विवाद के बाद हुई हिंसा ने स्थानीय स्तर पर गंभीर चिंता पैदा की थी। पुलिस की ओर से अब तक की गई गिरफ्तारियों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई के बाद होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button