JPNIC में अखिलेश यादव ने किया माल्यार्पण, बोले- सरकार के 40 दिन बचे हैं

अखिलेश यादव ने लखनऊ के JPNIC में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए 2027 में बदलाव का दावा किया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर शनिवार को जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। करीब तीन साल बाद अखिलेश यादव यहां बिना किसी बड़ी रोक-टोक के पहुंच सके। उनके पहुंचने से पहले केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
अखिलेश यादव सुबह करीब 11 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ JPNIC पहुंचे। उस समय मौके पर पुलिसकर्मियों की संख्या कम थी और बैरिकेडिंग भी हटी हुई थी। पुलिस ने गेट खोल दिया, जिसके बाद अखिलेश यादव अंदर पहुंचे। कुछ कार्यकर्ताओं ने भी परिसर में प्रवेश किया। सपा प्रमुख ने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माला पहनाई और गुलाब के फूल अर्पित किए।
इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के लोग सब कुछ बेचना चाहते हैं। उन्होंने JPNIC को लेकर भी सवाल उठाए कि इसे कितने रुपये में बेचा गया होगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में जनता भाजपा को हराने जा रही है। अखिलेश ने कहा, “परिवर्तन होना शुरू हो गया है, अब 40 दिन बचे हैं।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने के कथित प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अहंकारी लोग बच नहीं पाएंगे। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि टिकट पाने के लिए पार्टी के नेताओं को भी लाइन में लगना पड़ता है।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव वर्ष 2023 में भी JPNIC में जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। उस समय वह ऊंचा गेट फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे। वहीं, 2024 और 2025 में प्रशासन ने उन्हें केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी थी। इस बार उनके माल्यार्पण करने के बाद JPNIC को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो गई है।



