यूपी भाजपा ने छह मोर्चों की नई टीम घोषित की, विकास किशोर को SC मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया

यूपी भाजपा ने SC, ST, OBC, महिला, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चा की नई प्रदेश टीमों का ऐलान किया। कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को SC मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष और अनस साजिद को अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई ने गुरुवार को छह मोर्चों की नई प्रदेश टीमों की घोषणा की। इनमें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (OBC), महिला, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चा शामिल हैं। यह घोषणा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों के बीच हुई है।
अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा की नई टीम में पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। कौशल किशोर ने हाल में सरकार और संगठन के कामकाज को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए थे। विकास किशोर के साथ 11 अन्य नेताओं को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
SC मोर्चा में पुष्पेंद्र पासी, आलोक कुमार, कमलेश जाटव और परदेशी रविदास को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा 12 प्रदेश मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया और शोध विभाग के पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।
छह क्षेत्रों के अध्यक्ष भी नियुक्त
SC मोर्चा के छह क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी अखिल कुमार, ब्रज की विशाल वाल्मीकि, कानपुर क्षेत्र की सलिल श्रीवास, अवध की अरुण रावत, काशी की शैलेश राम और गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी विजय सोनकर को दी गई है।
अल्पसंख्यक मोर्चा की भी नई जिम्मेदारी
भाजपा ने अनस साजिद को प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। वहीं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे एमएलसी रामचंद्र प्रधान को इसी मोर्चे में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी की ओर से छह मोर्चों की नई टीमों में पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को शामिल किया गया है। भाजपा ने इससे पहले जून में अपनी प्रदेश संगठन टीम में भी व्यापक बदलाव किए थे।


