गोरखपुर में CM योगी की तिरंगा यात्रा में उमड़ा महाहुजूम, बोले- PM मोदी ने हर घर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया

गोरखपुर में CM योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकली। योगी ने PM मोदी, हर घर तिरंगा अभियान, कांग्रेस और क्रांतिकारियों के सम्मान को लेकर बड़ा बयान दिया।
गोरखपुर तिरंगा यात्रा में सोमवार को देशभक्ति का जबरदस्त माहौ देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकाली गई इस भव्य यात्रा में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के चलते करीब तीन किलोमीटर लंबा पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति गीतों से गूंजता रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद तिरंगा फहराकर यात्रा की शुरुआत की। यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होकर काली मंदिर, गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंची। इस दौरान करीब 16 स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया।
PM मोदी और फ्लैग कोड में बदलाव का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश के नागरिक अपने घरों की छत पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर वर्ष 2022 में फ्लैग कोड में किए गए बदलाव के बाद संभव हुआ, जिसके तहत आम नागरिकों को अपने घर पर तिरंगा फहराने का अधिकार मिला।
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोग राष्ट्रीय ध्वज को अपने घर पर फहराने की मांग करते रहे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण का प्रतीक है।
3 किलोमीटर की यात्रा में दिखा देशभक्ति का उत्साह
रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा रास्ता तिरंगों से पट गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, युवा और शहरवासी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रनायकों को नमन किया।
देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों के बीच निकली यात्रा ने पूरे गोरखपुर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।
‘तिरंगा घर ले जाइए और सेल्फी पोस्ट कीजिए’
CM योगी ने लोगों से अपील की कि तिरंगा यात्रा के दौरान उनके हाथ में जो राष्ट्रीय ध्वज है, उसे अपने घर ले जाएं और सम्मानपूर्वक फहराएं। उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि इस तरह हर नागरिक अपने राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति भावनाओं को व्यक्त कर सकता है।
5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत पांच करोड़ घरों, संस्थानों और उद्योगों तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करना है।
काकोरी ट्रेन एक्शन को लेकर भी बोले योगी
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों को भी याद किया। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को आजादी अचानक नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे क्रांतिकारियों का बड़ा संघर्ष और बलिदान रहा।
योगी ने चंद्रशेखर आजाद और उनके साथियों के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि काकोरी की घटना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के रूप में सम्मान दिया है।
मुख्यमंत्री ने ठाकुर रोशन सिंह, अशफाकउल्ला खान और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।
क्रांतिकारियों के सम्मान का भी उठाया मुद्दा
CM योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में क्रांतिकारियों की मूर्तियां लगाने, उनके नाम पर संस्थानों और सड़कों के नाम रखने को लेकर भी पर्याप्त सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और क्रांतिकारियों को सम्मान देने का काम किया जा रहा है।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
गोरखपुर में मुख्यमंत्री की तिरंगा यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की।
कार्यक्रम में एडीजी जोन, डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ, एसपी सिटी, एसपी नार्थ, एडीएम सिटी, एडीएम प्रशासन समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
गोरखपुर में राष्ट्रभक्ति का संदेश
गोरखपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई इस यात्रा ने शहर में राष्ट्रभक्ति का व्यापक संदेश दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकले तिरंगा यात्रा के कारवां में अलग-अलग वर्गों की भागीदारी ने इसे बड़े जन-अभियान का रूप दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र प्रथम की भावना को आगे बढ़ाने की अपील की।



