Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिसमाचार

CJP प्रदर्शन के बीच PM मोदी का बड़ा ऐलान: पेपर लीक पर और सख्त कानून, फास्ट-ट्रैक कोर्ट से होगी दोषियों पर कार्रवाई

NEET पेपर लीक विवाद और CJP प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। सरकार फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा के प्रावधान वाला बिल संसद में पेश करेगी।

नई दिल्ली। NEET-UG-2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर जारी CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले पर बड़ा बयान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि सरकार पेपर लीक रोकने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और दोषियों को कड़ी सजा देने के प्रावधान वाला बिल संसद में लाने की तैयारी कर रही है।

फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के दिए निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पेपर लीक जैसे मामलों में तेजी से सुनवाई हो सके और दोषियों को जल्द सजा मिल सके।

‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग छात्रों के सपनों और मेहनत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं की भलाई और भविष्य से ज्यादा जरूरी कुछ नहीं है। जो लोग उनके भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”

सरकार ने उठाए कई कदम: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक मामलों के सामने आने के बाद सरकार ने पिछले ढाई महीनों में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि छात्रों का पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो।

22 लाख छात्रों की परीक्षा और समय पर रिजल्ट का दिया हवाला

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षा कराने के लिए पूरी ताकत लगाई। उन्होंने बताया कि 19 तारीख को परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिए गए।

उन्होंने कहा कि देशभर से सफल छात्रों की खुशियों की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार केवल इतने से संतुष्ट नहीं है।

कैबिनेट में होगी ड्राफ्ट बिल पर चर्चा

प्रधानमंत्री ने बताया कि पेपर लीक के खिलाफ तैयार किए गए ड्राफ्ट बिल में फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा के प्रावधान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्रियों के सुझावों को शामिल करने के बाद बिल को अंतिम रूप दिया जाएगा और इसे जल्द से जल्द संसद में पारित कराने की कोशिश की जाएगी।

विपक्ष कर रहा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

वहीं NEET विवाद को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। विपक्षी दल केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहे हैं।

NEET पेपर लीक मामले को लेकर संसद के अंदर और बाहर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री के इस ऐलान को सरकार की ओर से बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button