असम रैली में पीएम मोदी का बड़ा बयान: विकास के दम पर तीसरी बार सरकार बनाएगी BJP
“असम के गोगामुख में पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की हैट्रिक का दावा करते हुए विकास कार्यों को गिनाया।”
असम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गोगामुख में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत की हैट्रिक का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से इस बार भी भाजपा-एनडीए सरकार पूर्ण बहुमत से सत्ता में लौटेगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने असम में ‘सेवा’ और ‘सुशासन’ का नया युग शुरू किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना
रैली के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “इस बार असम में भाजपा की हैट्रिक तय है और कांग्रेस की हार की हैट्रिक भी पक्की है। कांग्रेस के ‘स्वघोषित राजकुमार’ की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक असम के विकास की अनदेखी की और समाज को बांटने की राजनीति की। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 60-65 वर्षों में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, पुल और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य को बाढ़ की समस्या से राहत दिलाने में मदद करेगी।
टेक्नोलॉजी हब बनने की ओर असम
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में असम केवल चाय के लिए ही नहीं, बल्कि सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए भी जाना जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही यहां चिप निर्माण शुरू होगा, जिससे असम एक बड़े टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभरेगा।
प्रधानमंत्री का यह दौरा विधानसभा चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा को दोबारा सत्ता में लाकर विकास की गति को और तेज किया जाए।



